‘मुझे भद्दा मजाक पसंद नहीं’, निर्देशक ने साफ शब्दों में रखी अपनी राय
अपनी बेहतरीन कॉमेडी फिल्मों के लिए मशहूर निर्देशक मुदस्सर अजीज इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ की रिलीज की तैयारियों में जुटे हैं। यह फिल्म साल 2019 में आई उनकी सुपरहिट फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ की अगली कड़ी है। फिल्म की रिलीज से पहले मुदस्सर ने सिनेमा और कॉमेडी को लेकर अपनी विचारधारा साझा की है। उनका मानना है कि कॉमेडी केवल हंसाने के लिए नहीं, बल्कि गंभीर विषयों पर चोट करने का एक जरिया होनी चाहिए।
"सिचुएशनल कॉमेडी" के पक्षधर हैं मुदस्सर
एक हालिया साक्षात्कार में मुदस्सर ने स्पष्ट किया कि वे अपनी फिल्मों में भद्दे या द्विअर्थी संवादों (Double Meaning) के बजाय परिस्थितियों से उपजी कॉमेडी को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए पटकथा (Script) ही सबसे ऊपर है। मुदस्सर ने डेविड धवन की फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे एक मजबूत लेखन के जरिए कॉमेडी को प्रभावी बनाया जा सकता है।
पारिवारिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी
मुंबई के सिनेमाई माहौल में पले-बढ़े मुदस्सर का कहना है कि उनकी फिल्मों की सोच उनके व्यक्तिगत संस्कारों से जुड़ी है। उन्होंने कहा, "मैं आज एक बेटी का पिता हूं और मेरी यह जिम्मेदारी है कि मैं ऐसी फिल्में बनाऊं जिसे मैं अपने परिवार के साथ बैठकर देख सकूं। जो फिल्म मैं अपनी मां, बहन या बेटी को नहीं दिखा सकता, उसे दर्शकों को दिखाने का हक मुझे नहीं है।"
महिला प्रधान कहानियों पर बेबाक राय
जब उनसे पूछा गया कि क्या एक अभिनेत्री और तीन अभिनेताओं वाली फिल्में सफल हो सकती हैं? तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया कि उन्होंने एक दशक पहले ‘हैप्पी भाग जाएगी’ में ऐसा ही किया था। उन्होंने ‘चालबाज’ और ‘द डर्टी पिक्चर’ जैसी फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारा समाज शिक्षित और समझदार है। बात केवल हीरो या हीरोइन की नहीं, बल्कि एक अच्छी कहानी की है जो दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सके।
15 मई को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी ‘पति पत्नी और वो दो’ में इस बार आयुष्मान खुराना के साथ सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह की तिकड़ी नजर आएगी। फिल्म में विजय राज, तिग्मांशु धूलिया और दुर्गेश कुमार जैसे मंझे हुए कलाकार भी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरेंगे। यह फिल्म 15 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
आदिवासियों के विरोध के बीच जीतू पटवारी का सख़्त बयान
केजरीवाल ने NEET रद्द करने पर जताई चिंता, बोले- दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई
पैसों की अवैध वसूली का मामला, IPS और चार पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज
अदालत के आदेश के खिलाफ विधायक की याचिका पर कल होगी सुनवाई
बातचीत अटकी तो जंग की आहट, परमाणु मुद्दे पर बढ़ा तनाव